कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 23 सितम्बर। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला सरगीपाल पारा की शिक्षिका करुणा ध्रुव ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाते हुए विद्यार्थियों के साथ न्योता भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर वे अपने परिवार के साथ बच्चों के बीच पहुंचीं और उनके साथ खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत करुणा ध्रुव एवं स्थानीय पार्षद ललित देवांगन द्वारा विद्यालय परिसर में फलदार पौधों के रोपण से हुई। पौधारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद बच्चों के लिए न्योता भोज आयोजित किया गया। सभी ने साथ बैठकर भोजन किया। बच्चों के बीच जन्मदिन मनाने का यह आत्मीय अवसर पूरे विद्यालय के लिए यादगार रहा।
श्रीमती ध्रुव ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा, जन्मदिन की सबसे बड़ी खुशी तब है, जब हम किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकें। आप सभी मन लगाकर पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, रसोई एवं स्वच्छता कर्मचारियों सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर उद्यानिकी अधिकारी लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव, शिक्षा विभाग से जिला साक्षरता मिशन समन्वयक धवल सिंह पोटाई, संकुल समन्वयक शिवचरण मांडवी, एनएसएस प्रभारी श्री नेताम, प्रधान अध्यापिका शीतल गौतम, शिक्षिका मीना देवांगन आदि उपस्थित रहे।
पौधारोपण, बच्चों के साथ आत्मीयता और न्योता भोज के माध्यम से मनाया गया यह जन्मदिन सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे गया।