कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 सितंबर। छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए युवाओं के सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन कोण्डागांव के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
स्थानीय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सशक्तिकरण के साथ नवाचार, सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक कार्यों की दिशा में आगे बढऩे का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवा वह है जिसके सीने में देश के लिए सुलगती आग हो, जो अपनी संस्कृति को आत्मसात करे और नारी शक्ति का सम्मान करे। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग सोच-समझकर एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के प्रसिद्ध संदेश ‘उठो, जागो और तब तक रुको नहीं जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ का उल्लेख करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने वालों को कोई भी अपने सपनों की पूर्ति से दूर नहीं कर सकता। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक, रचनात्मक एवं सृजनात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि युवाओं में अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दृढ़ इच्छा और संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘हम रहें या न रहें, देश रहना चाहिए’, यही हमारा पहला लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्तर ने लंबे समय तक माओवाद की चुनौती का सामना किया है। अब नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलते हुए बस्तर को नई उड़ान के साथ विकास की दिशा में आगे बढऩा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस्तर संभाग देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनेगा। देश तभी विकसित होगा, जब बस्तर विकसित होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि युवाओं के हाथों में देश का भविष्य है।
युवाओं में असंभव को संभव करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है। इसी दिशा में हमारा भी संकल्प है कि छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भर एवं विकसित बने।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के बेहतर भविष्य और उनके विकास की संभावनाओं पर चर्चा करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है, ताकि युवा अपने जोश और जुनून को सही दिशा में आगे बढ़ा सकें। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम में वक्ता डॉ. आकाश वासनिकर ने विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका विषय पर, वक्ता नसिर अहमद ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां (युवाओं के लिए हो रहे कार्य) विषय पर और वक्ता शशिभूषण कन्नौजे ने एक देश, एक चुनाव विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 6 युवाओं को सम्मानित किया गया।