कोण्डागांव

खेत विवाद के बाद दो बुजुर्ग भाइयों से मारपीट, घायल हालत में पहुंचे थाना और अस्पताल
21-Sep-2026 11:07 PM
खेत विवाद के बाद दो बुजुर्ग भाइयों से मारपीट, घायल हालत में पहुंचे थाना और अस्पताल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21 सितंबर। सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत पल्ली गांव के कट्टापारा/पटेलपारा में खेत विवाद के बाद दो बुजुर्ग भाइयों से उनके ही भतीजों द्वारा मारपीट का मामला रविवार को सामने आया है।

 जानकारी के अनुसार चैतराम मंडावी (55) और उनके बड़े भाई सुबस मंडावी (60) पिता फगनु ने खेत में मूंगफली की फसल लगाई थी। आरोप है कि मुर्गियों द्वारा फसल को नुकसान पहुंचाए जाने को लेकर मामूली विवाद हुआ, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और खेत में शुरू हुआ विवाद घर तक पहुंच गया।

आरोप है कि घर में घुसकर भतीजों ने दोनों बुजुर्ग भाइयों के साथ मारपीट की, जिसमें दोनों घायल हो गए।

घटना के बाद घायल चैतराम मंडावी और सुबस मंडावी जिला अस्पताल कोण्डागांव पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद दोनों ने सिटी कोतवाली कोण्डागांव पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

पीडि़त परिवार के सदस्य संतोष मंडावी ने बताया कि पंचू मंडावी और हेमचंद मंडावी ने खेत में मामूली बात को लेकर उसके पिता और बड़े पापा से मारपीट की। इसके बाद घर पहुंचकर घर में घुसकर पिता और बड़े पापा के साथ जबरन मारपीट की गई।

परिजनों का दावा है कि पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में है।  परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट