कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 20 सितंबर। ग्राम पंचायत बालेंगा में 33वीं असम राइफल्स के शहीद जवान स्व. रंजीत कश्यप की स्मृति में निर्मित शहीद स्मारक का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि 19 सितंबर 2025 को असम-मणिपुर क्षेत्र में देश की रक्षा करते हुए 33वीं असम राइफल्स के वीर जवान रंजीत कश्यप ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मनों से लोहा लिया और अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए ग्राम बालेंगा में इस शहीद स्मारक एवं प्रतिमा का निर्माण किया गया । मूर्ति अनावरण के दौरान पूरा बालेंगा गांव ‘शहीद रंजीत कश्यप अमर रहे’के देशभक्ति नारों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक सैनिक हर विषम परिस्थिति में अपने घर-परिवार से दूर रहकर सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से देश सेवा में समर्पित रहता है। शहीद रंजीत कश्यप का यह बलिदान आने वाली पीढिय़ों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के जिलाध्यक्ष सूरज यादव, फरसगांव ब्लॉक सचिव रिकेश कुंवर, सदस्य श्रीकांत तिवारी, बाबूलाल देवांगन, जागेश्वर श्रीवास, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।