कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 19 सितंबर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी साइबर जागृति अभियान (15 अगस्त से 2 अक्टूबर ) के अंतर्गत थाना अनंतपुर द्वारा अमरावती बाजार में ओपन माइक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
18 सितंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पुलिस बल कोंडागांव के जवानों, स्थानीय कलाकारों तथा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, नाटक और भाषण के माध्यम से साइबर जागरूकता पर प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल अरेस्ट, लॉटरी/इनाम के झांसे, बिना ब्याज के ऋण, नौकरी व ट्रेडिंग के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी, म्यूल सिम और फर्जी खातों के विषय में जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस द्वारा ओटीपी साझा न करने, अज्ञात लिंक/एप्स से बचने, अनजान वीडियो कॉल स्वीकार न करने तथा साइबर अपराध होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या निकटतम थाना में संपर्क करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से सतर्क रहने की शपथ ली तथा सेल्फी गतिविधियों व साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में डीएसपी साइबर सेल सिद्धार्थ बघेल एवं थाना प्रभारी अनंतपुर निरीक्षक विकास राय द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार वितरित किए गए।