कोण्डागांव

स्कूली बच्चों ने जाना प्रकृति संग जीने का हुनर
19-Sep-2026 9:21 PM
स्कूली बच्चों ने जाना प्रकृति  संग जीने का हुनर

बस्तर की नवाखाई परंपरा की अनूठी प्रदर्शनी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 19 सितंबर। जनपद प्राथमिक शाला बुनागांव में बैगलेस डे गतिविधियों के अंतर्गत बस्तर के पारंपरिक लोक पर्व नवाखाई पर केंद्रित एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल एवं विकास खंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर के निर्देशन में आयोजित हुआ।

शिक्षक सूरज नेताम और मोनिका साहू के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मिट्टी से निर्मित बस्तर के पारंपरिक खिलौनों और धरोहरों की प्रदर्शनी लगाई।

प्रदर्शनी में कृषि संस्कृति से जुड़े नंदिया बैल और खाना पकाने में प्रयुक्त होने वाले पारंपरिक मिट्टी के बर्तन प्रदर्शित किए गए। इसके अतिरिक्त बच्चों द्वारा मिट्टी के बर्तनों के माध्यम से व्यंजन निर्माण की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक सूरज नेताम ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और विभिन्न त्यौहारों के संबंध में जानकारी दी।

नवाखाई बस्तर के जनजातीय समुदायों का एक प्रमुख फसल उत्सव है, जो नई धान की फसल के आगमन का प्रतीक है। इस अवसर पर किसान नई फसल अपने कुलदेवताओं, ग्राम देवताओं व प्रकृति को अर्पित करते हैं, जिसके पश्चात परिवार द्वारा पारंपरिक व्यंजनों (जैसे अरसा) का सेवन किया जाता है।


अन्य पोस्ट