कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 16 सितंबर। शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागांव में प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके तहत 12 सितंबर को सुलेख तथा 15 सितंबर को व्याख्यान, पुष्प-सज्जा और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
सहायक प्राध्यापक विनय कुमार देवांगन ने 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा हिंदी को संघ की राजभाषा स्वीकार किए जाने के ऐतिहासिक संदर्भ तथा इसके भाषायी महत्व पर जानकारी दी।
भूगोल विभाग के सहायक प्राध्यापक समलेश पोटाई ने काव्य-पाठ प्रस्तुत किया। गृह विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक नेहा बंजारे ने अपने विचार रखे। इसके अलावा लक्ष्मीदास मानिकपुरी द्वारा भी कविता-पाठ किया गया।
सुलेख प्रतियोगिता में रोशनी यादव (प्रथम), ओमश्री शोरी (द्वितीय), कलावती नेताम (तृतीय), पुष्प-सज्जा प्रतियोगिता में कली शर्मा (प्रथम), लीलिमा मरकाम (द्वितीय), वंदना जैन (तृतीय), भाषण प्रतियोगिता में स्नेहा सिंह (प्रथम), मनीषा नेगी (द्वितीय), अमीना नेताम (तृतीय) रहीं।
विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साहित्य क्षेत्र में योगदान हेतु हिंदी विभाग की ओर से समलेश पोटाई को स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रमिला ठाकुर ने आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।