कोण्डागांव
रामायण व रामधुनी सम्मेलन के समापन पर पूर्व विधायक हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 16 सितंबर। केशकाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरा में गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय दो दिवसीय भव्य रामायण एवं रामधुनी सम्मेलन तथा मानसगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर केशकाल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संतराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं और जय-जय श्रीराम के जयघोष के साथ कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का अभिवादन किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संतराम नेताम ने कहा कि भगवान श्रीराम हमारे आदर्श हैं। उनके जीवन से हमें धैर्य, त्याग, मर्यादा और कठिन परिस्थितियों में भी संयम बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। भगवान श्रीराम ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपना धैर्य नहीं खोया। हमें उनके जीवन चरित्र से सीख लेकर अपने जीवन में इन आदर्शों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय से ही हमारे पूर्वजों ने आपसी मेल-मिलाप और अभिवादन में ‘जय राम’ तथा ‘राम-राम’ का उच्चारण कर हमारी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का कार्य किया है। राम नाम को आस्था और शक्ति का प्रतीक माना जाता है, जो मन को शांति और सांत्वना प्रदान करता है।
पूर्व विधायक ने ग्रामीणों द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि पिपरा की इस पवित्र धरती पर आयोजित मानस मंच से ज्ञान की गंगा प्रवाहित हो रही है और हम सभी को इस ज्ञान रूपी गंगा में डुबकी लगाकर भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानसगान मंडलियों द्वारा कथा, भजन और रामायण के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का वर्णन किया जा रहा है। भगवान श्रीराम की कथा का श्रवण करना और उनके जीवन के कुछ अंशों को भी अपने आचरण में उतारना मानव जीवन को सार्थक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मानसगान मंडलियों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित कथा, भजन एवं मानसगान की प्रस्तुति दी गई। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर कोंडागांव जिला पंचायत उपाध्यक्ष हिरासिंह नेताम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश नेताम, जनपद सदस्य हितेश नेताम, सरपंच प्रतिनिधि महेश नेताम, अमरनाथ राणा एवं कमल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।