कोण्डागांव

स्कूल-अस्पताल में मना विश्व प्राथमिक उपचार दिवस
16-Sep-2026 9:55 PM
स्कूल-अस्पताल में मना विश्व प्राथमिक उपचार दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 16 सितंबर। भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोण्डागांव के तत्वावधान में शासकीय प्राथमिक शाला डोंगरीपारा और उप स्वास्थ्य केंद्र जामकोटपारा द्वारा संयुक्त रूप से विश्व प्राथमिक उपचार दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम एडवांस कब मास्टर पवन कुमार साहू एवं आर.एच.ओ. शारदा साहू के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

एडवांस कब मास्टर पवन कुमार साहू ने आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा लकड़ी का स्ट्रक्चर (स्ट्रेचर) बनाकर डेमो प्रस्तुत किया गया।

 आर.एच.ओ. शारदा साहू ने बताया कि विश्व प्राथमिक उपचार दिवस प्रतिवर्ष सितंबर के दूसरे शनिवार (इस वर्ष 12 सितंबर) को मनाया जाता है। उन्होंने दुर्घटना के बाद के शुरुआती समय (गोल्डन आवर) में दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार को आपातकालीन स्थिति में मरीज की जान बचाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

यह आयोजन कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला शिक्षा अधिकारी  भारती प्रधान, जिला संगठन आयुक्त गाइड संजना हरमिट तथा जिला सचिव चमन लाल सोरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कब-बुलबुल टीम, स्वास्थ्य कर्मी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट