कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 14 सितंबर। हिंदी दिवस के अवसर पर शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय कोंडागांव में विविध प्रतियोगिताओं एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया।
सचित्र मुहावरा प्रतियोगिता में छात्राओं द्वारा पोस्टरों के माध्यम से हिंदी मुहावरों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें खिरबती यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हिंदी भाषा, व्याकरण एवं साहित्य पर आधारित प्रश्नोत्तरी में दीक्षा शार्दुल प्रथम तथा मनीषा सोड़ी द्वितीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक (हिंदी) निधि जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजभाषा के रूप में हिंदी की स्थिति, इसके प्रचार-प्रसार हेतु शासकीय प्रयासों तथा शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर परिचर्चा आयोजित की गई। छात्रा डिकेश्वरी दीवान ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका शुक्ला के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक सरिता तारम, अनिक्षा अंचल, शारदा मरकाम, अतिथि व्याख्याता गायत्री वर्मा, निधि सिंह नेताम एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।