कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 14 सितंबर। नेशनल लोक अदालत में अपर मोटर दुर्घटना दावाधिकरण कोंडागांव की खंडपीठ द्वारा दुर्घटना मुआवजा संबंधी मामलों में राजीनामा के आधार पर अवार्ड पारित किया गया।
एक मामले में माकड़ी थाना क्षेत्र के खुड़ी नयापारा निवासी अमनबाई मरकाम (76 वर्ष) द्वारा अपने पुत्र की मोटर दुर्घटना में मृत्यु पर दायर 13 अगस्त 2025 के आवेदन पर सुनवाई करते हुए खंडपीठ ने 16,00,000 की क्षतिपूर्ति राशि का अवार्ड पारित किया।
एक अन्य मामले में फरसगांव तहसील के पाण्डेआठगांव निवासी सुकिया मरकाम (67 वर्ष) द्वारा अपने पुत्र की दुर्घटना में मृत्यु पर दायर 28 फरवरी 2026 के आवेदन पर 15,25,000 की क्षतिपूर्ति राशि स्वीकृत की गई।
अपर मोटर दुर्घटना दावाधिकरण कोंडागांव के पीठासीन अधिकारी विक्रम प्रताप चन्द्रा एवं सदस्य/अधिवक्ता संजय शार्दूल की खंडपीठ द्वारा कुल 19 मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 2,89,06,000 का क्षतिपूर्ति अवार्ड पारित किया गया।
प्रकरणों के निराकरण में सहयोग हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के अध्यक्ष खिलावन राम रिगरी द्वारा बीमा कंपनी के अधिवक्ता गोपाल दीक्षित को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।