कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 14 सितंबर। विकासखंड कोंडागांव अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़पड़ी में साइबर अपराध जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य नीलम सिंह ठाकुर एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजमन कश्यप संकुल समन्वयक ने की।
मुख्य अतिथि प्राचार्य नीलम सिंह ठाकुर ने छात्रों एवं ग्रामीणों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की बात कही।
संकुल समन्वयक राजमन कश्यप ने किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ पासवर्ड साझा न करने तथा अनावश्यक गेम व संदिग्ध ऐप्स का उपयोग न करने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि व्याख्याता प्रमोद कुमार राठौर ने साइबर सुरक्षा के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, अनजान लिंक/मैसेज पर क्लिक न करने, एंटीवायरस अपडेट रखने तथा असुरक्षित पब्लिक वाई-फाई के उपयोग से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि प्रधान अध्यापक कमल जोशी ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से सावधान रहने पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता भारत राम मंडावी द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन चंद्र कुमार कोराम ने किया। इस अवसर पर विज्ञान सहायक सुरेश कुमार कुजूर, शिक्षक श्रीयादेवी ठाकुर, विद्यालयीन स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।