कोण्डागांव
अनूठी आदिम परंपरा देखने उमड़ा जनसैलाब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 13 सितंबर। छत्तीसगढ़ के केशकाल में शनिवार को आस्था और आदिम संस्कृति से जुड़ी एक अनोखी परंपरा देखने को मिली। टाटामारी पर्यटन मार्ग पर स्थित भंगाराम माई के दरबार में भादोम जात्रा का आयोजन किया गया, जहां इंसानों की नहीं, बल्कि देवी-देवताओं की अदालत लगाई गई। क्षेत्र के 9 परगना से पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार दोगुनी बड़ी संख्या में देवी-देवता अपने पुजारी, सिरहा, गुनिया, मांझी और गायता-मुखिया के साथ भंगाराम माई के दरबार में पहुंचे।
मान्यता के अनुसार, एक परगना के अंतर्गत करीब 15 से 20 गांव आते हैं। सालभर के दौरान क्षेत्र में देवी-देवताओं के कार्यों और उनके दायित्वों का लेखा-जोखा इस दरबार में लिया जाता है। श्रद्धालुओं की शिकायतों और पारंपरिक मान्यताओं के आधार पर देवी-देवताओं के कार्यों की समीक्षा की जाती है। जिन देवी-देवताओं का कार्य संतोषजनक नहीं पाया जाता, उन्हें दोषी मानकर परंपरा के अनुसार सजा सुनाई जाती है।
शनिवार दोपहर केशकाल थाना से अनुमति लेने के बाद सभी देवी-देवताओं को केशकाल के मुख्य मार्ग से होते हुए भंगाराम माई के दरबार तक ले जाया गया। इसके बाद दोषी पाए गए देवी-देवताओं को विधिवत कारागार में रखा गया। परंपरा के तहत यहां दंड और प्रायश्चित की प्रक्रिया भी निभाई गई। इस दौरान कई श्रद्धालुओं द्वारा मुर्गी के बच्चे, बकरी, कबूतर और बत्तख आदि कारागार में छोड़े गए।
इसके बाद भंगाराम माई, खंडाडोकरा, नरसिंह नाथ, कुँवर पाठ सहित अन्य देवी-देवताओं ने कारागार की परिक्रमा की और पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार उसे बांधा गया। भंगाराम समिति के सचिव नंदलाल सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष कुल 35 देवी-देवताओं को दोषी मानते हुए सजा सुनाई गई।
भंगाराम माई की यह जात्रा हर वर्ष भादो माह के कृष्ण पक्ष के शनिवार को आयोजित होने की परंपरा है। जात्रा से पहले लगातार छह शनिवार तक विशेष पूजा-अर्चना और सेवा की जाती है। सातवें और अंतिम शनिवार को भादोम जात्रा का आयोजन होता है। इस दिन 9 परगना के देवी-देवताओं की उपस्थिति को विशेष महत्व दिया जाता है। परंपरा के अनुसार जात्रा के दिन महिलाओं का दरबार में प्रवेश प्रतिबंधित रहता है। देवी-देवताओं को फूल, पान-सुपारी सहित पारंपरिक विधि से पूजा-अर्चना की जाती है। वहीं मान्यता के अनुसार नए देवी-देवता की पूजा शुरू करने से पहले भंगाराम माई की अनुमति आवश्यक मानी जाती है।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु भंगाराम माई की इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए केशकाल सहित कोंडागांव जिले और आसपास के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जात्रा में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम भी शामिल हुए।
पूरे दिन भंगाराम माई के दरबार में आस्था, परंपरा और आदिम संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। भंगाराम माई की यह परंपरा आज भी क्षेत्र की आदिम संस्कृति, लोकविश्वास और सामाजिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है, जहां देवी-देवताओं के प्रति आस्था के साथ उनके दायित्वों और कथित गलतियों का भी पारंपरिक तरीके से हिसाब लिया जाता है।
बिना अनुमति नए देवता की पूजा नहीं, पठान देवता की भी होती है पूजा
भंगाराम माई के दरबार की मान्यता है कि उनकी अनुमति के बिना किसी नए देवी-देवता की पूजा शुरू नहीं की जाती। यहां फूल, पान-सुपारी और पारंपरिक रूप से मुर्गा-बकरा अर्पित किए जाते हैं। महाराष्ट्र से जुड़े पठान देवता (डॉक्टर खान देवता) की भी विशेष मान्यता है, जिन्हें प्रसन्न करने के लिए अंडे अर्पित करने की परंपरा है।