कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 12 सितंबर। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए कोंडागांव पुलिस द्वारा जिला अधिवक्ता संघ के सहयोग से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने अधिवक्ताओं को साइबर अपराध के तरीकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ने फर्जी केवाईसी अपडेट, बैंक प्रतिनिधि बनकर फोन करना, ओटीपी व यूपीआई पिन मांगना, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से सतर्क रहने की बात कही।
किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने और संदिग्ध लिंक न खोलने की सलाह दी गई। ठगी होने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं के लिए साइबर सुरक्षा से संबंधित एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। सही उत्तर देने वाले अधिवक्ताओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।