कोण्डागांव

गुण्डाधुर कॉलेज में केमिकल सोसायटी गठित, अग्नि सुरक्षा पर मॉक ड्रिल आयोजित
10-Sep-2026 10:45 PM
 गुण्डाधुर कॉलेज में केमिकल सोसायटी गठित, अग्नि सुरक्षा पर मॉक ड्रिल आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 10 सितंबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोंडागांव के रसायनशास्त्र विभाग द्वारा केमिकल सोसायटी का गठन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें विभागाध्यक्ष डॉ. अलका शुक्ला, सहायक प्राध्यापक नसीर अहमद और अतिथि व्याख्याता नीता नेताम उपस्थित थे।

केमिकल सोसायटी के पदाधिकारियों में एमएससी रसायनशास्त्र तृतीय सेमेस्टर की छात्रा निकिता मरकाम को अध्यक्ष, नमन सेन को उपाध्यक्ष, एमएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा दीपाली बंछोर को सचिव, आकांक्षा जैन को सहसचिव तथा आदित्य सिंह कुशवाहा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

विभागाध्यक्ष डॉ. अलका शुक्ला एवं सोसायटी के संरक्षक नसीर अहमद ने बताया कि सत्र के दौरान ओजोन दिवस, राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, एमएससी विद्यार्थियों द्वारा प्रत्येक शनिवार पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन, तथा हाई/हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा जिला मृदा एवं जल परीक्षण प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण भी प्रस्तावित है।

अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल

कार्यक्रम के दौरान संरक्षक नसीर अहमद द्वारा महाविद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों को अग्निशमन यंत्रों के संचालन व सुरक्षा मानकों की जानकारी देने हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें आग लगने की स्थिति में आपातकालीन उपायों तथा अग्निशमन यंत्र के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन ख्याति नाग ने किया। इस अवसर पर प्रयोगशाला तकनीशियन सी.एल. धनेलिया, महेंद्र नाग, परिचारक विनोद कश्यप तथा एमएससी प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट