कोण्डागांव
कोण्डागांव, 3 सितंबर। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिला अस्पताल कोण्डागांव को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के नेतृत्व, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रेमलाल मंडावी के मार्गदर्शन में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
रायपुर में आयोजित आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की कार्यशाला में बेहतर प्रदर्शन के लिए जिला अस्पताल कोण्डागांव को यह सम्मान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया एवं संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संजीव कुमार झा की उपस्थिति में प्रदान किया गया। जिला अस्पताल में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत नेक्स्टजेन सॉफ्टवेयर के माध्यम से छह मॉड्यूल संचालित हैं। इनके जरिए ओपीडी पंजीयन, ओपीडी क्लिनिक, फार्मेसी, आईपीडी, लैब एवं रेडियोलॉजी विभाग की सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।
जानकारी अनुसार, जिला अस्पताल में डिजिटल सेवाओं के लिए आवश्यक मानव संसाधन एक वर्ष पूर्व ही उपलब्ध कराया गया था। इसके परिणामस्वरूप मरीजों को डिजिटल सेवाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं। कोण्डागांव जैसे क्षेत्र में, जहां ग्रामीण मरीजों के पास मोबाइल और नेटवर्क की उपलब्धता सीमित रहती है, वहां भी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराना जिले की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।