कोण्डागांव

संतानों की लंबी आयु के लिए माताओं ने रखा हलषष्ठी व्रत, की पूजा-अर्चना
02-Sep-2026 9:15 PM
संतानों की लंबी आयु के लिए माताओं ने रखा हलषष्ठी व्रत, की पूजा-अर्चना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 2 सितंबर। भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि को कोंडागांव शहर में हलषष्ठी यानी कमरछठ का पर्व श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। तहसील पारा स्थित शिव मंदिर परिसर सहित शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में माताओं और महिलाओं ने एकत्रित होकर संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के लिए व्रत रखा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार हलषष्ठी का पर्व भगवान बलराम और षष्ठी माता को समर्पित है। भगवान बलराम का प्रमुख अस्त्र हल माना जाता है, इसलिए इस दिन हल से जुती हुई भूमि से उत्पन्न अन्न का सेवन नहीं किया जाता। माताएं संतान की रक्षा, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना से कठिन व्रत रखती हैं। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक हलषष्ठी व्रत और षष्ठी माता की पूजा करने से संतान पर आने वाले संकट दूर होते हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।

सुबह से ही महिलाओं ने व्रत के नियमों का पालन करते हुए पूजा की तैयारियां शुरू कर दी थीं। पूजा स्थलों पर सामूहिक रूप से षष्ठी माता की पूजा की गई और व्रत कथा का श्रवण किया गया। इस दौरान पसहर चावल, भैंस का दूध तथा हल से न जुती फसलों का विशेष रूप से उपयोग किया गया।

तहसील पारा शिव मंदिर में पूजा करने पहुंची महिलाओं ने बताया कि कमरछठ की परंपरा पीढिय़ों से चली आ रही है। माताएं अपनी संतान के स्वस्थ, दीर्घ और सुखमय जीवन की कामना के लिए श्रद्धापूर्वक यह व्रत रखती हैं। पर्व के चलते पूरे कोंडागांव शहर में दिनभर भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।


अन्य पोस्ट