कोण्डागांव
कोण्डागांव, 2 सितंबर। केशकाल पुलिस ने 31 अगस्त को उपरपारा बिसेन बाड़ी में सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने और एक व्यक्ति को धमकी देने के आरोप में चारामा निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को फोन पर सूचना मिली थी कि उपरपारा बिसेन बाड़ी में अकरम हुसैन के घर के पास एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराते हुए विवाद और गाली-गलौज कर रहा है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया।
आरोपी ने अपना नाम इमामुद्दीन खान निवासी वार्ड नंबर 08, थाना चारामा, जिला कांकेर बताया। पुलिस ने आरोपी से कटार, चाकू, एक लोहे का बंडा, एक छुरी जब्त किए।
आरोपी के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।