कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 1 सितंबर। कोण्डागांव पुलिस द्वारा साइबर सुरक्षा, सडक़ सुरक्षा, महिला सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक लता उसेंडी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, जिला पंचायत सीईओ अविनाश बोई, नरपति पटेल और नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा और अन्य अधिकारियों ने इन पहलों के क्रियान्वयन और पुलिस-जनता संवाद के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
शुरू की गई प्रमुख पहल
साइबर जागृति अभियान: नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी/यूपीआई फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग सडक़ सुरक्षा समिति: सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों (हेलमेट, सीट बेल्ट के प्रयोग एवं गति सीमा) के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह पहल शुरू की गई है।
हेलमेट बैंक: दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने और जरूरतमंद चालकों को हेलमेट उपलब्ध कराने के लिए ‘हेलमेट बैंक’ की शुरुआत की गई है।
सरदार वल्लभभाई पटेल एवं अमर शहीद फल वाटिका: पर्यावरण संरक्षण और शहीदों की स्मृति के तहत परिसर में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया।
दीदी स्क्वाड: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा उनकी समस्याओं पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए ‘दीदी स्क्वाड’ का गठन किया गया है।
संवाद मित्र लिंक: नागरिकों और पुलिस के बीच सीधी सूचना, सुझाव और शिकायतों के आदान-प्रदान के लिए ‘संवाद मित्र’ डिजिटल लिंक का शुभारंभ किया गया है।