कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 1 सितंबर। रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर द्वारा 1 सितंबर को प्रात: 7.30 बजे धरमपुरा खेल परिसर, जगदलपुर में मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस प्रतियोगिता में शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागांव के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के प्रतिभावान छात्र प्रदीप मरकाम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का गौरव हासिल किया। वहीं महाविद्यालय के छात्र दीपेश मरकाम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दसवां स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाडिय़ों ने पूरे जोश, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम, रेड रिबन क्लब प्रभारी श्री समलेश पोटाई एवं क्रीड़ा अधिकारी श्री एच. आर. यदु का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए तैयार किया गया तथा प्रतियोगिता स्थल तक ले जाकर आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मैराथन जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना महाविद्यालय की खेल गतिविधियों के प्रति प्रतिबद्धता एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को भी दर्शाता है।
प्रदीप मरकाम द्वारा प्रथम स्थान तथा दीपेश मरकाम द्वारा दसवां स्थान प्राप्त किए जाने पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है।
इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनके उज्ज्वल खेल एवं शैक्षणिक भविष्य की कामना की।