कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 1 सितंबर। कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी अखिलेश धीवर के नेतृत्व में थाना उरंदाबेड़ा पुलिस द्वारा क्षेत्र के 6 गांवों में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान नेट, मोदे, कन्हारगांव, कोकोडजुगनर, मोदेबेडमा और छिन्दलीबेदमा में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र के स्कूलों के शिक्षकों, आत्मसमर्पित नक्सलियों और ग्रामीणों ने भाग लिया। पुलिस द्वारा उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा से संबंधित क्यूआर कोड स्कैन कराकर जागरूकता सामग्री के प्रचार-प्रसार हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त कोकोडाजुगानार के साप्ताहिक बाजार में भी ग्रामीणों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान लोगों को सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। ओटीपी और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करना। बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखना। अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना। फर्जी कॉल और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी (साइबर फ्रॉड) के प्रति सतर्क रहना।
उरंदाबेड़ा पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है।