कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 29 अगस्त। कोंडागांव जिले के शासकीय प्राथमिक विद्यालय डोंगरीपारा करंजी के विद्यार्थियों ने जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के मार्गदर्शन तथा शिक्षक टी. एंकट राव के नेतृत्व में पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
संस्था में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने स्वयं बनाई गई राखी के साथ शाला परिसर से रैली निकाली। इसके बाद समीप के साल वन में पहुंचकर पेड़ों को राखी बांधी और राहगीरों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
शिक्षक टी. एंकट राव पिछले पंद्रह वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यार्थियों के साथ मिलकर पेड़ों को राखी बांधने का कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच विनोद नेताम, शिक्षिका सारिका वैष्णव, सोमू पोयाम, पुष्पा यादव, ग्राम सचिव चंद्रिका नाईक, पूर्व सरपंच इमलेश्वरी बघेल, पंचगण, ग्रामीण एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।