कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 28 अगस्त। भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव के तत्वावधान में शासकीय प्राथमिक शाला डोंगरीपारा में कब-बुलबुल टीम द्वारा रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन जिला संरक्षक व कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना तथा जिला आयुक्त व जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के निर्देशों पर आयोजित हुआ।
एडवांस कब-मास्टर पवन कुमार साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बुलबुल बालिकाओं ने अपने कब भाइयों एवं शिक्षकों को रक्षासूत्र बांधा। इसके पश्चात शासकीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक शाला डोंगरीपारा तथा प्राथमिक शाला लोहरापारा के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पीपल के वृक्ष को रक्षासूत्र बांधा और वृक्षारोपण व संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1973 में सुंदरलाल बहुगुणा द्वारा उत्तराखंड के चमोली जिले में चलाए गए ‘चिपको आंदोलन’ के ऐतिहासिक संदर्भ का भी उल्लेख किया गया।
भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव द्वारा सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के लिए 1,250 रक्षासूत्र (राखियां) प्रेषित किए गए हैं।
कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन आयुक्त गाइड संजना हरमिट, जिला सचिव चमन लाल सोरी एवं जिला मीडिया प्रभारी पवन कुमार साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।