कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 28 अगस्त। आबकारी विभाग की टीम ने अवैध मदिरा परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक कार से 22 पेटी (1,440 नग पाव) अन्य राज्य निर्मित विदेशी मदिरा जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 187.200 बल्क लीटर दर्ज की गई है।
विभाग के अनुसार, जब्त की गई मदिरा का अनुमानित मूल्य 1,72,800 रुपए और परिवहन में प्रयुक्त ऑल्टो के 10 कार का अनुमानित मूल्य 5,10,000 है। कुल जब्त संपत्ति 6,82,800 रुपए आंकी गई है।
मामले में श्याम सुंदर बघेल और तुलसी बघेल (निवासी सोरगांव, थाना भानपुरी, जिला बस्तर) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59-क के तहत मामला पंजीकृत कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं जिला आबकारी अधिकारी डिगेश देवांगन के निर्देशन में आबकारी उपनिरीक्षक मोरजध्वज साहू के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक कैलाश पांडे, अशोक कुमार मंडावी, सीएसएमसीएल कर्मचारी रविन्द्र कुमार, चैतन, राजेश, वाहन चालक विनय नेताम तथा साइबर सेल कोंडागांव का तकनीकी सहयोग रहा।