कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 अगस्त। शासकीय प्राथमिक शाला जोन्दरा पदर में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक अनोखा और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूल की प्रधान अध्यापक मधु तिवारी के मार्गदर्शन में स्कूली बच्चों ने परिसर में मौजूद पेड़-पौधों को रक्षासूत्र (राखी) बांधा। इस अवसर पर प्रधान अध्यापक मधु तिवारी ने बच्चों को रक्षाबंधन के वास्तविक महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के आपसी स्नेह का पर्व नहीं है, बल्कि यह हर उस तत्व की सुरक्षा का संकल्प है जो हमारे अस्तित्व को बचाता है। आज वैश्विक स्तर पर बिगड़ते मौसम चक्र को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है। पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, छाया और फल देकर आदि काल से मानव जीवन की रक्षा कर रहे हैं। इसलिए, आज 27 अगस्त को इन जीवनदाताओं को राखी बांधकर इनकी सुरक्षा का संकल्प लेना ही सच्चे अर्थों में प्रकृति और मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।
इस दौरान स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और इन पेड़ों को अपने भाइयों की तरह हमेशा सुरक्षित रखने का सामूहिक वचन दिया। स्कूल के इस सराहनीय और प्रकृति-प्रेमी प्रयास की पालकों सहित स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर प्रशंसा की है।