कोण्डागांव

टीईटी से मुक्ति सहित पांच सूत्रीय मांगों पर शिक्षकों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
26-Aug-2026 11:00 PM
टीईटी से मुक्ति सहित पांच सूत्रीय मांगों पर शिक्षकों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले मंगलवार को जिला मुख्यालय कोण्डागांव में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। चौपाटी मैदान में आयोजित धरना के बाद शिक्षकों ने रैली निकालकर अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री सहित शासन के अधिकारियों के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने ज्ञापन के माध्यम से शिक्षक संवर्ग की लंबित समस्याओं के निराकरण और मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि प्रदेश के एलबी संवर्ग के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्णय लेना चाहिए।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से सेवारत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से मुक्त करने, पदोन्नति में टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने, शिक्षक एलबी संवर्ग की सेवा गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से करने और पूर्ण पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू सभी लाभ प्रदान करने की मांग की गई है। इसके अलावा शिक्षकों ने लंबित वेतन विसंगति दूर करने, केंद्रीय वेतनमान के आधार पर वेतन निर्धारण करने, 13 फरवरी 2026 को जारी छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संवर्ग) भर्ती एवं पदोन्नति नियम के राजपत्र में मौजूद विसंगतियों को निरस्त करने और कार्यरत शिक्षकों को योजना बनाकर ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड प्रशिक्षण दिलाने की मांग रखी है।

छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक ऋषिदेव सिंह ने बताया कि प्रदेशभर में शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर जिला मुख्यालयों में टीईटी मुक्ति रैली का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि 2010 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए शैक्षणिक योग्यता और नियमों में छूट दी गई थी, लेकिन वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों को टीईटी से राहत नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 के बाद से सेवा गणना किए जाने के कारण कई शिक्षकों को पूर्ण पेंशन की पात्रता नहीं मिल पा रही है। शिक्षकों की मांग है कि प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना की जाए, ताकि उन्हें पेंशन सहित अन्य लाभ मिल सकें।

जिला संयोजक ने कहा कि वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों को नए अभ्यर्थियों के साथ टीईटी और बीएड/डीएलएड जैसी प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में शामिल करने के बजाय सरकार द्वारा ब्रिज कोर्स के माध्यम से आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने वेतन विसंगति दूर कर केंद्रीय शिक्षकों के समान वेतनमान देने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान शिक्षक नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर शिक्षकों के हित में निर्णय लिए गए हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से शिक्षक संवर्ग की कई समस्याएं लंबित हैं। उन्होंने शासन से मांगों पर जल्द निर्णय लेकर आदेश जारी करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट