कोण्डागांव

ईद-मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, अमन व शांति की मांगी दुआ
26-Aug-2026 10:59 PM
ईद-मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, अमन व शांति की मांगी दुआ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 26 अगस्त। कोंडागांव में 12 रबी-उल-अव्वल (पैगंबर मोहम्मद के जन्मोत्सव) के अवसर पर ईद-मिलादुन्नबी का त्यौहार मनाया गया। इस दौरान शहर में जुलूस निकाला गया और विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

आयोजन के तहत पिछले 12 दिनों से तैयारियां की जा रही थीं, जिसके अंतर्गत बच्चों के लिए नात शरीफ और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

बुधवार को जामा मस्जिद से जुलूस प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग, मरार पारा, जामकोट पारा, बाजार पारा, कोर्ट चौक, नहर पारा और सर्गीपाल पारा होते हुए पुन: जामा मस्जिद पहुंचा।

मस्जिद परिसर पहुंचने के बाद परचम कुशाई (ध्वजारोहण) की रस्म पूरी की गई। इसके पश्चात जामा मस्जिद के मुख्य इमाम शमीम रजा ने देश में शांति व सौहार्द के लिए दुआ कराई। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए।

अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर सैयद शफीक और सचिव आदिल खान ने नागरिकों को ईद-मिलादुन्नबी की बधाई दी तथा शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन व पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ नागरिक एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट