कोण्डागांव

साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, क्विज स्पर्धा में अफसरों को किया पुरस्कृत
26-Aug-2026 10:59 PM
साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, क्विज स्पर्धा में अफसरों को किया पुरस्कृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 26 अगस्त। कोंडागांव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत कलेक्टर कार्यालय परिसर तथा भारतीय स्टेट बैंक की कलेक्ट्रेट शाखा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कलेक्टर कार्यालय में आयोजित विभाग प्रमुखों की बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, फर्जी लिंक और ऑनलाइन बैंकिंग से जुड़े साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।

इस दौरान अधिकारियों के मध्य साइबर सुरक्षा विषय पर एक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया।

क्विज प्रतियोगिता में पुरस्कृत अधिकारियों में नूपुर राशि पन्ना (जिला कलेक्टर, कोंडागांव), चिन झा (मुख्य नगरपालिका अधिकारी), अंकुर रात्रे (तहसीलदार, माकड़ी), मानव विश्वास (जिला समन्वयक अधिकारी), रेणु (महिला एवं बाल विकास विभाग) हैं।

कलेक्ट्रेट स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में भी पुलिस अधीक्षक द्वारा बैंक कर्मियों को वित्तीय धोखाधड़ी, केवाईसी  अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, डिजिटल अरेस्ट और यूपीआई फ्रॉड से बचाव हेतु तकनीकी जानकारियों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से वित्तीय व व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में त्वरित सूचना दर्ज कराने की अपील की।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, रक्षित निरीक्षक मनीष राजपूत सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट