कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 26 अगस्त। टीईटी अनिवार्यता को लेकर शिक्षा विभाग और सरकार के कथित दोहरे मापदंड के खिलाफ छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन एवं शिक्षक साझा मंच के आह्वान पर अब कोंडागांव जिले के शिक्षक निर्णायक आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।
27 अगस्त को जिले से लगभग 4 हजार सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं प्राथमिक प्रधान पाठक राजधानी पहुंचकर शिक्षा मंत्री के निवास के सामने आंदोलन करेंगे। वहीं शिक्षक साझा मंच द्वारा मुख्यमंत्री के निज निवास बगिया में भी आंदोलन का ऐलान किया गया है। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है।
संगठन ने स्पष्ट कर दिया है कि यह लड़ाई किसी सुविधा या अतिरिक्त लाभ की नहीं, बल्कि सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई है। शिक्षकों का कहना है कि जब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है, तो सरकार को उनके लिए टीईटी परीक्षा आयोजित करने का अवसर भी उपलब्ध कराना चाहिए। जब परीक्षा ही नहीं होगी, तो शिक्षक टीईटी कैसे उत्तीर्ण करेंगे?
जिला अध्यक्ष मदन राठौर ने कहा कि संगठन लगातार सरकार और स्कूल शिक्षा विभाग से सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा आयोजित कराने की मांग करता रहा है।
अधिकारियों से मुलाकात, ज्ञापन और लगातार आग्रह के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक कोई अनुचित मांग नहीं कर रहे हैं। उनकी सीधी मांग है कि सेवारत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाए और उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
अवसर नहीं देंगे तो परीक्षा पास कैसे करेंगे?
संगठन ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सेवारत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा देने का अवसर ही नहीं मिलेगा, तो वे अनिवार्यता की शर्त कैसे पूरी करेंगे? शिक्षकों ने कई बार आला अधिकारियों से मिलकर परीक्षा आयोजित कराने की गुहार लगाई, लेकिन अब तक उनकी मांग पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई है।
रक्षाबंधन पर शिक्षिकाएं बांधेंगी रक्षासूत्र
आंदोलन को भावनात्मक और प्रतीकात्मक रूप देने के लिए शिक्षिका बहनों ने भी कमर कस ली है। संगठन के अनुसार, रक्षाबंधन का पर्व इस बार दुर्ग और बगिया में मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री को रक्षासूत्र बांधकर मनाया जाएगा। शिक्षिकाएं जनप्रतिनिधियों से शिक्षकों की सेवा सुरक्षा का वरदान मांगेंगी और सरकार से अपने भविष्य को सुरक्षित करने की अपील करेंगी।
अब सब्र का बांध टूट चुका है
शिक्षक साझा मंच ने दो टूक कहा है कि लंबे समय से मांगों को लेकर सरकार और विभाग का ध्यान आकर्षित किया जा रहा था, लेकिन अब शिक्षकों के सब्र का बांध टूट चुका है। संगठन का कहना है कि जब तक सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा आयोजित करने और उनकी सेवा सुरक्षा को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
27 अगस्त को होने वाला यह आंदोलन अब महज विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि शिक्षक समाज के भविष्य और सेवा सुरक्षा की निर्णायक लड़ाई का संदेश देगा।