कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 26 अगस्त। कोंडागांव थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम बनियागांव (सरगीपारा) में ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते पांच व्यक्तियों को आज गिरफ्तार किया है।
बुधवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बनियागांव सरगीपारा में दबिश देकर जुआ खेलते पांच आरोपियों को पकड़ा। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे एवं मौके से ताश के 52 पत्ते, एक पुराना कपड़ा, 5 टच स्क्रीन मोबाइल फोन तथा नगदी रकम बरामद की गई। जब्त नगदी में जुआ फड़ से 1,600 तथा आरोपियों के पास से 390, इस प्रकार कुल 1,990 नगद बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त 5 मोबाइल फोन की अनुमानित कुल कीमत 52,000 रु.है। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल 53,990 मूल्य की सामग्री एवं नगदी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में विनोदी, कृष्णा मंडावी, लोकेश्वर नेताम, राजेश मंडावी, गुपेंद्र सोढ़ी सभी निवासी बनियागांव सरगीपारा हैं।
मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के अंतर्गत थाना कोंडागांव में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।