कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 25 अगस्त। आबकारी विभाग की टीम ने कोंडागांव जिले में कार्रवाई करते हुए ओडिशा राज्य निर्मित अवैध विदेशी मदिरा जब्त की है। मामले में एक आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
24 अगस्त को आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में 7.900 बल्क लीटर ओडिशा निर्मित विदेशी मदिरा जब्त की गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 2,720 रुपये बताया गया है।
मामले में सुखमन मरकाम (निवासी पल्ली खासपारा, थाना कोंडागांव) को अवैध मदिरा के साथ पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) एवं 36 के अंतर्गत अपराध पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
प्रकरण की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक मोरजध्वज साहू द्वारा की जा रही है। कार्रवाई टीम में आबकारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ठाकुर, मुख्य आरक्षक कैलाश पांडे, नंदकिशोर बघेल, सीएसएमसीएल कर्मचारी रविन्द्र कुमार एवं चालक विनय कुमार नेताम शामिल रहे। विभाग के अनुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम हेतु जांच अभियान जारी रहेगा।