कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 24 अगस्त। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोण्डागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 55.470 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की थार क्रमांक एमपी 09 बीआर 7895 और कार क्रमांक यूपी 93 सीपी 4471 में ओडिशा के दामनजोड़ी से गांजा लेकर रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बायपास रोड, नया बस स्टैंड के पीछे चिखलपुटी और दुधगांव एनएच-30 मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दोनों संदिग्ध वाहनों को रोका। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों की डिक्की से 4-4 पैकेट में कुल 8 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 55.470 किलो पाया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजा, दोनों वाहन और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 27 लाख 74 हजार 500 रुपये, थार वाहन की कीमत 15 लाख रुपये, फ्रोंक्स कार की कीमत 15 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 59 लाख 34 हजार 500 रुपये है।
सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के रहने वाले आक्तर खान , लक्ष्मण खटीक , भावेश केंवट , देव सेन , अरूण सैन, संजय पाल और वीकेश यादव को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 16 वर्षीय एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।