कोण्डागांव

शिक्षकों की हुंकार: रैली निकाल सीएम और शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
23-Aug-2026 9:50 PM
शिक्षकों की हुंकार: रैली निकाल सीएम और शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 23 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक साझा मंच के प्रांतीय आह्वान पर कोंडागांव ब्लॉक मुख्यालय के डीएनके ग्राउंड में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय जंगी धरना और रैली प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने अपनी सेवा सुरक्षा और अधिकारों के लिए जमकर नारेबाजी की और ब्लॉक मुख्यालय से रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां डिप्टी कलेक्टर के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसी कड़ी में जिले के पाँचो विकास खंड केशकाल,माकड़ी बड़े राजपुर ,फरसगाँव में रैली और ज्ञापन सौंपा गया।प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष उपेंद्र कुमार कोमा, सचिव चिमनलाल माहला, ब्लॉक पदाधिकारीगण जैलू राम मरकाम, भूषण प्रसाद जाहिरे, दयाराम नेताम, भरत लाल नागवंशी, श्रीमती हेमलता झा, पूनम तिवारी, रामेश्वरी बघेल, जलन पटेल, राजूराम ठाकुर, विद्या पटेल, रामानंद मंडावी, सुकालूराम मंडावी, शनिदेव ध्रुव, रमेश अनंत, दौलत राम मेश्राम, देवकरण साहू, मनहरण सिंह गोयल, हरीश देवांगन, अर्चना पाटले, गंगाराम उसेंडी शामिल हुए।

प्रांतीय और जिला नेतृत्व इसके साथ ही प्रांतीय प्रवक्ता नेमी सिन्हा, जिला अध्यक्ष मदन राठौर, जिला सचिव गुलेंद्र कुमार पटेल, जिला कोषाध्यक्ष रामू राम सिन्हा, जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष दीपिका मसराम सहित कोंडागांव ब्लॉक इकाई के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

 साझा मंच के प्रांतीय और जिला पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शासन और प्रशासन स्तर पर इन मांगों पर जल्द से जल्द सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में प्रदेश भर के शिक्षक उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।

 जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन की होगी।

साझा मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि शासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें प्रमुखता से रखी गई हैं-शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए टीईटी की बाध्यता को तत्काल समाप्त किया जाए।

मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादे के अनुसार सहायक शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति को दूर किया जाए। शिक्षकों की वरिष्ठता और अन्य लाभों के लिए उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि से ही पूरी सेवा अवधि की गणना की जाए।


अन्य पोस्ट