कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 22 अगस्त। डिजिटल सुरक्षा के प्रति नागरिकों को सचेत करने और साइबर ठगी से बचाव के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में जिला कोंडागांव पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में साइबर जागृति अभियान संचालित किया गया।
गुंडाधुर पीजी कॉलेज व स्कूल (जैतपुरी-लंजोड़ा) में उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा न करने और सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी सीमित रखने के संबंध में जानकारी दी गई।
चैतू गायता महाविद्यालय फरसगांव व साप्ताहिक बाजार में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभिनव उपाध्याय द्वारा शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को जागरूक करते हुए पाम्पलेट वितरित किए गए।
हायर सेकेंडरी स्कूल गोलावंड में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (मर्दापाल) नरेंद्र पुजारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली के संबंध में सतर्क किया।
प्रमिला देवी गल्र्स कॉलेज कोंडागांव में उप पुलिस अधीक्षक स्निग्धा सलामे द्वारा जागरूकता कार्यक्रम व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल केशकाल व विश्रामपुरी में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (केशकाल) अरुण नेताम द्वारा छात्राओं को पासवर्ड सुरक्षा, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए।
हाट-बाजार (दहिकोंगां, करियागांटा व डोंगरीगुड़ा) में साइबर सेल की टीम द्वारा डिजिटल भुगतान में सावधानी बरतने तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से किसी भी साइबर अपराध की शिकायत तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर दर्ज कराने की अपील की है।