कोण्डागांव
कोण्डागांव, 21 अगस्त। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागाँव के स्वयंसेवकों द्वारा ‘नशा मुक्ति-युवा जागरूकता’ अभियान के अंतर्गत फ्लैश मॉब एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्परिणामों से संबंधित नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
रैली के बाद मर्दापाल चौक में स्वयंसेवकों द्वारा फ्लैश मॉब एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शराब, तंबाकू, धूम्रपान एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही एड्स जागरूकता एवं धूम्रपान निषेध के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम, जिला संगठक रासेयो कोण्डागांव शशिभूषण कन्नौजे एवं कार्यक्रम अधिकारी समलेश पोटाई के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। जिला संगठक शशिभूषण कन्नौजे ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को उजाड़ देता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में स्वयंसेवक खिलेंद्र नेगी, अंजू बॉस, डॉली ठाकुर, मुंजी बघेल, प्रतिमा, छाया देवांगन, रूपाली पटेल, महेश नेताम, अंजु नेताम, वेश कुमार, सोनू एवं गायत्री मरकाम सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नशा मुक्ति, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। स्वयंसेवकों ने युवाओं को जागरूक करते हुए ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ का संदेश दिया और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।