कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 20 अगस्त। कोण्डागांव पुलिस ने 5.980 किलोग्राम गांजे के साथ एक नाबालिग समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 59,800 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड चिखलपुटी (कोण्डागांव) में तीन व्यक्ति बैग में गांजा रखकर रायपुर जाने वाली बस की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3 पैकेटों में कुल 5.980 किलोग्राम गांजा, 2 मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद बरामद किए गए।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीकृत किया गया है। दो आरोपियों अनिता पवार व शिव पवार दोनों निवासी बैतूल, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।