कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 19 अगस्त। शासन की मंशानुरूप जिले के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी एवं महात्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिले के दूरस्थ एवं अंतिम छोर पर बसे ग्राम कड़ेनार में सोमवार को शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाया गया, जिसमें कड़ेनार और आश्रित ग्राम मदोडा, बेचा और आश्रित ग्राम कीलम के ग्रामीण शामिल हुए।
शिविर में आधार सेवा के तहत 7 लोगों के नवीन आधार कार्ड बनाए गए तथा 13 लोगों का बायोमेट्रिक अपडेट किया गया। पंचायत विभाग द्वारा 45 नए जॉब कार्ड बनाए गए और 14 जॉब कार्ड का ई-केवाईसी किया गया। श्रम विभाग द्वारा 42 श्रमिकों का पंजीयन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 21 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
इसी प्रकार डाक विभाग द्वारा बैंक खाता खोलने के लिए 24 लोगों से आवेदन प्राप्त किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 37 ग्रामीणों से जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन लिए गए। खाद्य विभाग द्वारा 77 व्यक्तियों का राशन कार्ड में नाम जोडऩे तथा 4 नवीन राशन कार्ड बनाने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गई, ताकि ग्रामीणों को दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित कार्यालयों तक जाने की आवश्यकता न पड़े।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कोंडागांव के सीईओ उत्तम महोबिया, तहसीलदार विजय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल आज
दंतेवाड़ा, 19 अगस्त। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में 20 अगस्त को कारली तालाब, तहसील गीदम में बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने तथा जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है! इसके साथ ही मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन संबंध में नागरिकों से शांति बनाए रखें और अफवाहों से बचे रहने की अपील की गई है।