कोण्डागांव
संगठनात्मक गतिविधियों का बनेगा प्रमुख केंद्र - विधायक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 19 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के केशकाल विधानसभा क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित अपने कार्यालय का सपना अब साकार होने जा रहा है। विधानसभा स्तरीय भाजपा कार्यालय के निर्माण को लेकर विधायक नीलकंठ टेकाम की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यालय निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा की और अपने स्तर पर सहयोग एवं समर्पण की प्रतिबद्धता जताई।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा - केशकाल विधानसभा में भाजपा का अपना कार्यालय होना हमारे लिए गौरव और खुशी का विषय है। यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन की एकजुटता का प्रतीक होगा। कार्यालय के माध्यम से कार्यकर्ताओं को एक स्थान पर बैठकर संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े विषयों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग और सहभागिता से हम इस कार्यालय का निर्माण जल्द पूरा करने का प्रयास करेंगे।
विधायक टेकाम ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।
वर्षों पुराना सपना अब होगा साकार
वर्षों बाद केशकाल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का अपना कार्यालय बनने जा रहा है। इसे संगठन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कार्यालय निर्माण से पार्टी के कार्यकर्ताओं को एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
जहां संगठनात्मक बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम, जनसंपर्क गतिविधियां एवं अन्य पार्टी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
कार्यकर्ताओं की एकजुटता से मजबूत होगा संगठन
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यालय निर्माण को लेकर उत्साह व्यक्त किया। सभी ने निर्माण कार्य में अपनी सहभागिता और हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यालय बनने से विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी।
नया कार्यालय पार्टी की बैठकों, प्रशिक्षण, कार्यकर्ता संवाद और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा बैठक में भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विधानसभा स्तरीय भाजपा कार्यालय के निर्माण को संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे जल्द मूर्त रूप देने के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।