कोण्डागांव

147 बालिकाओं को मिली साइकिल
20-Aug-2026 11:02 AM
147 बालिकाओं को मिली साइकिल

विधायक नीलकंठ टेकाम ने किया वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 19 अगस्त। केशकाल में नि:शुल्क सरस्वती साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केशकाल की कुल 147 बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया।

साइकिल प्राप्त करने वाली बालिकाओं का विधायक नीलकंठ टेकाम ने हार पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया।

 विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि हमारी बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और उन्हें विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से शासन द्वारा सरस्वती साइकिल योजना संचालित की जा रही है। साइकिल मिलने से बालिकाओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई भी निरंतर जारी रहेगी। बेटियों की शिक्षा और उनका आत्मनिर्भर बनना समाज की सबसे बड़ी जरूरत है। मैं सभी बालिकाओं से कहना चाहता हूं कि इस सुविधा का लाभ लेकर पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करें तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें। विधायक ने आगे कहा कि शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी की जिम्मेदारी है। हम सभी को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे बड़ा होने तक सुरक्षित रखना भी जरूरी है। आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देना हम सभी का दायित्व है।

इस दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों से एक-एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल कर उसे पेड़ बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी शाला प्रबंधन एवं विकास समिति  के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, समिति सदस्यगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साइकिल मिलने से बालिकाओं में भी उत्साह देखने को मिला।


अन्य पोस्ट