कोण्डागांव
कोण्डागांव, 19 अगस्त। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संचालित न्योता भोज का आयोजन मंगलवार को कोण्डागांव जिला के विकासखंड माकड़ी की सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में किया गया। कार्यक्रम के तहत कक्षा पहली से आठवीं तक अध्ययनरत छात्र - छात्राओं को सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया गया।
कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं जिला शिक्षा अधिकारी कोण्डागांव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखंड माकड़ी की 275 शालाओं के कुल 13 हजार 507 छात्र - छात्राओं ने न्योता भोज का लाभ लिया। इस दौरान सभी छात्र - छात्राओं को फल, खीर-पूड़ी, दाल-भात, सब्जी सहित अन्य पौष्टिक व्यंजन परोसे गए। न्योता भोज कार्यक्रम में शिक्षक, पालक, ग्रामीण, शाला विकास समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए और छात्र - छात्राओं के साथ भोजन कर सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों से न्योता भोज कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। शिक्षा विभाग के अनुसार इस पहल से शालाओं में विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति में वृद्धि के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता भी बढ़ी है।
कार्यक्रम की निगरानी के लिए खंड शिक्षा अधिकारी सुखराम देवांगन, खंड स्त्रोत समन्वयक ताहिर खान, सभी संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयकों द्वारा अपने-अपने संकुल अंतर्गत शालाओं का निरीक्षण कर न्योता भोज कार्यक्रम का अवलोकन किया गया।