कोण्डागांव

साइबर जागृति अभियान शुरू, कोण्डागांव में विधायक लता उसेंडी ने किया शुभारंभ
18-Aug-2026 10:06 PM
साइबर जागृति अभियान शुरू, कोण्डागांव में विधायक लता उसेंडी ने किया शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 18 अगस्त। साइबर अपराधों से बचाव और आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक साइबर जागृति अभियान चलाया जाएगा। अभियान की मुख्य थीम साइबर जागृति की एक सेल्फी रखी गई है, जिसके तहत लोग क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में फोटो लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे।

कोण्डागांव में अभियान का शुभारंभ 14 अगस्त को विधायक लता उसेंडी ने क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी सेल्फी लेकर किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की। विधायक लता उसेंडी ने जिलेवासियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थानों, युवाओं और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए लोग एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराधों के खिलाफ भी सामूहिक प्रयास की जरूरत है। अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों, बैंकिंग संस्थानों, वरिष्ठ नागरिकों, महिला समूहों, युवाओं और ग्राम पंचायत स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर डिजिटल सुरक्षा, यूपीआई ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, डेटा प्राइवेसी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी जाएगी। अभियान का समापन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर किया जाएगा।


अन्य पोस्ट