कोण्डागांव

23 सितंबर को खुलेगा माता लिंगेश्वरी गुफा मंदिर का द्वार
18-Aug-2026 9:13 PM
23 सितंबर को खुलेगा माता लिंगेश्वरी गुफा मंदिर का द्वार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 18 अगस्त। कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम झाटीबन-आलोर की पहाड़ी गुफा में विराजमान प्रसिद्ध माता लिंगेश्वरी मंदिर का द्वार इस वर्ष 23 सितंबर बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा।

संतान की मन्नत वाले श्रद्धालु खीरा लेकर पहुंचे - समिति

लिंगेश्वरी मंदिर समिति के द्वारा सोमवार को फरसगांव के रेस्टहाउस में प्रेसवार्ता कर बताया गया कि इस वर्ष 23 सितंबर को माँ लिंगेश्वरी गुफा मंदिर का द्वार खोला जायेगा। लिंगेश्वरी मंदिर सेवा समिति की रविवार को हुई बैठक में मंदिर खोलने की तिथि तय की गई।  समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर आने वाले श्रद्धालु अपने साथ खीरा लेकर आएं। बारिश के मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं से रेनकोट और छाता साथ रखने की भी अपील की गई है।

दूसरे राज्यों से भी पहुंचते हैं श्रद्धालु

बस्तर की खूबसूरत पहाडिय़ों के बीच गुफा में शिवलिंग के स्वरूप में विराजमान माता लिंगेश्वरी के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। हर वर्ष छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर यहां पहुंचते हैं। विशेषकर निसंतान दंपती संतान प्राप्ति की कामना से माता के दर्शन करने आते हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी और बाहर से ही माता के दर्शन कराए जाएंगे। मंदिर खुलने से एक दिन पहले ही पहाड़ी के नीचे श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। माता लिंगेश्वरी के वार्षिक दर्शन और मेले का श्रद्धालुओं को पूरे वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है।प्रेसवार्ता दौरान लिंगेश्वरी मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष अंकालुराम मरकाम, सचिव दुकार नेताम , नंदलाल दीवान,  बसंत नेताम, मानसिंह कोर्राम,  फुलदास मरकाम , विष्णु मरकाम , ईश्वर दीवान उपस्थित रहे ।


अन्य पोस्ट