कोण्डागांव

कुंएमारी जलप्रपात की खूबसूरती देख अभिभूत हुईं मोना सेन
18-Aug-2026 4:39 PM
कुंएमारी जलप्रपात की खूबसूरती देख अभिभूत हुईं मोना सेन

फिल्म कलाकार को अपने बीच पाकर उत्साहित हुए ग्रामीण, भव्य स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 18 अगस्त।  छत्तीसगढ़ राज्य फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष एवं फिल्म कलाकार मोना सेन अपने बस्तर दौरे के दौरान सोमवार को केशकाल क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कुँएमारी जलप्रपात पहुंचीं। उनके पहुंचते ही ग्रामवासियों और स्कूली बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कुँएमारी सरपंच गणेश कुमेटी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मोना सेन का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।

मोना सेन को अपने बीच पाकर ग्रामीणों और बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और अपने मोबाइल से सेल्फी लेते नजर आए। इस दौरान कुँएमारी जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता ने भी सभी का मन मोह लिया। जलप्रपात के मनोरम नजारों को देखकर मोना सेन काफी उत्साहित नजर आईं। वहीं, ग्रामीणों और युवाओं ने भी प्राकृतिक सौंदर्य को अपने कैमरे में कैद किया और सोशल मीडिया के लिए जमकर रील बनाई।

सेल्फी के साथ सुरक्षा का भी दिया संदेश

कुएंमारी जलप्रपात की खूबसूरती के बीच मोना सेन ने पर्यटकों और ग्रामीणों को सुरक्षा का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि फोटो और सेल्फी लेने के चक्कर में जलप्रपात के खतरनाक स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक स्थलों का आनंद सुरक्षित तरीके से लेने की अपील की।

मोना सेन ने स्थानीय समितियों को भी प्रोत्साहित करते हुए कहा कि क्षेत्र के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को बेहतर ढंग से विकसित करने और पर्यटकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में स्थानीय लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए समितियों को निरंतर सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

टाटामारी में महिला समूहों से की मुलाकात

कुँएमारी जलप्रपात के बाद मोना सेन केशकाल के प्रसिद्ध टाटामारी पर्यटन स्थल पहुंचीं। यहां उन्होंने आजीविका गतिविधियों से जुड़ी महिला समूहों से मुलाकात की और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। टाटामारी में स्थापित तीनों महिला समूहों की महिलाओं से उन्होंने बातचीत कर उनके कार्यों और आजीविका के साधनों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिला समूहों को इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। ग्रामीण व महिला समूह के सदस्यों ने कहा कि फिल्म जगत की जानी-पहचानी कलाकार और राज्य फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष का गांव में पहुंचना उनके लिए खास अनुभव रहा। इस दौरान पूरा क्षेत्र आत्मीय स्वागत, उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।


अन्य पोस्ट