कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 17 अगस्त। विकास नगर स्टेडियम, कोंडागांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग रहे, जिन्होंने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया।
समारोह के दौरान अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव से जुड़े तीन पूर्व सैनिकों—सिग्नलमेन रवि ठाकुर, हवलदार रतिराम शोरी और हवलदार श्रीकांत तिवारी को सांसद भोजराज नाग द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन तीनों पूर्व सैनिकों को क्षेत्र के युवाओं को सेना एवं सुरक्षा बलों में भर्ती हेतु दिए जा रहे नि:शुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए यह सम्मान दिया गया।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक व बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा तथा जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने सम्मानित पूर्व सैनिकों को बधाई दी। उन्होंने सेवानिवृत्ति के पश्चात युवाओं को प्रशिक्षण देने के इस प्रयास का उल्लेख किया।
समारोह में परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सदस्य राकेश धीवर, ढालेश साहू, चंद्रहास वर्मा, सेवारत सैनिक उमेंद्र मरकाम, भारत मरकाम तथा नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियां उपस्थित रहे।