कोण्डागांव

हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
16-Aug-2026 9:23 PM
हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

सांसद भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 16 अगस्त।
कोण्डागांव जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि कांकेर सांसद भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके पश्चात उन्होंने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के साथ परेड का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद भोजराज नाग ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया।
 सांसद श्री नाग ने सभी परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। समारोह के दौरान शांति, उल्लास और स्वतंत्रता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। साथ ही मुख्य अतिथि ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात की और शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया।

परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक मुकेश जोशी एवं परेड टू आईसी निरीक्षक रितेश मिश्रा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के प्लाटून कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक राहुल गौतम, जिला पुलिस बल के प्लाटून कमांडर उप निरीक्षक धर्मेंद्र लहरे, बस्तर फाइटर पुरुष के प्लाटून कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक रश्मि मिंज, बस्तर फाइटर महिला के प्लाटून कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुनयना मिंज, नगर सेना के प्रशिक्षु उप निरीक्षक संदीप सिंह, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड के टुकडिय़ों ने अनुशासन, समर्पण और देशसेवा की भावना के साथ आकर्षक मार्चपास्ट किया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि सांसद भोजराज नाग द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी,  दीपेश अरोरा, मनोज जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष  रीता सोरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  हिरासिंह मरकाम, जनपद अध्यक्ष अनीता कोर्राम,  जितेन्द्र सुराना, नागेश देवांगन,  अनिल अग्रवाल, कुलवंत सिंह चहल, पार्षदगण एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  अविनाश भोई, अपर कलेक्टर  चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम  अजय उरांव सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने बस्तर की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं और नृत्यों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित दर्शकों में देशभक्ति और उत्साह का संचार किया।


अन्य पोस्ट