कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 13 अगस्त। आजादी के अमृत भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी बृजेश तिवारी के नेतृत्व में किया गया।
रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे मार्ग में वंदे मातरम्, भारत माता की जय तथा देशभक्ति के जयघोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।