कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 11 अगस्त। हिंदू देवी-देवताओं और पवित्र शिवलिंग को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने केशकाल में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने हंसराज गोयल और अरुण पन्नालाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पहले अनुविभागीय कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा। इसके बाद कार्यकर्ता केशकाल बस स्टैंड में एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के नाम से बनाए गए पुतले को जूतों की माला पहनाकर बस स्टैंड परिसर में घुमाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर अपना आक्रोश जताया। इसके बाद बस स्टैंड के मध्य पुतले को प्रतीकात्मक रूप से फांसी दी गई। संगठन ने अंतिम सावन सोमवार को पुतला दहन करने की योजना भी बनाई है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारी नीरज अग्निहोत्री ने कहा कि हंसराज गोयल और अरुण पन्नालाल जैसे लोगों द्वारा हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक प्रतीकों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियों से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और अब इस तरह के कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नीरज अग्निहोत्री ने कहा कि हिंदू समाज लंबे समय से सहिष्णुता का परिचय देता आया है, लेकिन धार्मिक आस्था और देवी-देवताओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार के खिलाफ अब समाज में जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका विरोध धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कथित टिप्पणियों के खिलाफ है। उन्होंने प्रशासन से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर संबंधित लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।