कोण्डागांव

सीआरपीएफ की 188वीं बटालियन ने कराया वंदे मातरम् का सामूहिक गान
10-Aug-2026 11:12 PM
सीआरपीएफ की 188वीं बटालियन ने कराया वंदे मातरम् का सामूहिक गान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 10 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के तीसरे चरण के तहत सोमवार को 188वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय कोंडागांव द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से ‘वंदे मातरम् ’ का सामूहिक गान किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट मदन मोहन के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें सीआरपीएफ के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों के साथ केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम से पूर्व द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्रनाथ ने ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा वर्ष 1875 में रचित यह गीत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जन-जन में देशभक्ति की भावना जगाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम् ’ केवल राष्ट्रीय गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा और मातृभूमि के प्रति प्रेम, त्याग एवं समर्पण की प्रेरणा का प्रतीक है।

उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। सामूहिक गान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया।

कार्यक्रम में सीआरपीएफ के उप कमांडेंट दीपक सिंह, उप कमांडेंट मुकेश, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य एस.टी. तिवारी, वाहिनी के अधिकारी-जवान तथा विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।


अन्य पोस्ट