कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 9 अगस्त। शहर के सबसे व्यस्ततम और हृदय स्थल माने जाने वाले घड़ी चौक में इन दिनों अव्यवस्थित पार्किंग, सडक़ किनारे ठेले-खोमचे और टैक्सियों के खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शाम के समय यहां रोजाना जाम की स्थिति बनने से व्यापारी, राहगीर और स्थानीय लोग परेशान हैं। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और व्यवस्थित पार्किंग की मांग की है।
इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ सचिन गुप्ता ने बताया कि यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक से चर्चा की गई है। जल्द ही ड्राफ्ट तैयार कर कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि अव्यवस्थित पार्किंग के साथ-साथ सडक़ किनारे संचालित दुकानों और अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों ने बिना अनुमति निर्माण या शेड का विस्तार किया है, उन्हें नोटिस जारी कर हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।सीएमओ ने बताया कि पार्किंग व्यवस्था के लिए गांधी चौक के आसपास स्थल चयन की योजना बनाई जा रही है। नगर पालिका द्वारा जल्द ही पार्किंग व्यवस्था और यातायात सुधार को लेकर ठोस कदम उठाने की बात कही गई है।
घड़ी चौक स्थित पायल ज्वेलर्स के संचालक जितेंद्र सोनी ने बताया कि सब्जी विक्रेताओं, टैक्सी वाहनों और अनियमित पार्किंग के कारण शाम के समय लगातार जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और नगर पालिका से मांग की कि अव्यवस्थित वाहन खड़े करने वालों पर चालानी कार्रवाई की जाए और पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि ठेले और टैक्सी चालक सडक़ पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे दुकानदारों और आम लोगों को परेशानी होती है।
जिला न्यायालय कोण्डागांव के अधिवक्ता मलय साहा ने भी घड़ी चौक की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां आसपास प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय होने के बावजूद आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। सब्जी बाजार और टैक्सी वाहनों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था को जल्द सुधारने की मांग की।स्थानीय नागरिक उत्तम रक्षित ने कहा कि घड़ी चौक पर त्योहारों और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, ऐसे में पहले से यातायात व्यवस्था बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक बाजार के लिए भी व्यवस्थित स्थान तय होना चाहिए तथा पुलिस और आरटीओ की तैनाती होनी चाहिए।
ताकि किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से व्यवस्था बनाई जा सके।