कोण्डागांव

शिक्षकों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का प्रशिक्षण
09-Aug-2026 9:41 PM
शिक्षकों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 9 अगस्त। दस अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी में विकासखंड कोंडागांव के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संजय नायडू ने शिक्षकों को बच्चों में कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों, कमजोरी तथा स्वास्थ्य पर पडऩे वाले प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के दौरान बच्चों को दी जाने वाली कृमिनाशक दवा की उम्र के अनुसार निर्धारित खुराक एवं दवा सेवन की सही प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में वीडियो के माध्यम से कृमि संक्रमण के कारण होने वाले प्रमुख लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी दी गई।

साथ ही दवा सेवन के बाद किसी बच्चे में प्रतिकूल परिस्थिति उत्पन्न होने पर अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं प्राथमिक उपचार के संबंध में भी शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों एवं किशोरों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखना तथा उनके स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास को बेहतर बनाना है। अभियान के सफल क्रियान्वयन में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उन्हें दवा वितरण, सही खुराक एवं संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने के संबंध में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला महामारी विशेषज्ञ झम्मन लाल वर्मा, आरएमए कृष्णा पटेल, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक  मयंक देवांगन सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट